इटारसी। शहर की कृषि उपज मंडी में कल, 9 अप्रैल गुरुवार से गेहूं और चना की सरकारी खरीदी (उपार्जन) शुरू होने जा रही है। इस व्यवस्था का जायजा लेने के लिए आज कृषि उपसंचालक रविकांत सिंह ने मंडी सचिव प्रशांत पांडे के साथ मंडी प्रांगण का विस्तृत निरीक्षण किया।
मंडी सचिव ने बताया कि उपार्जन के लिए मंडी में कुल तीन केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें दो गेहूं और एक चने की खरीदी के लिए होगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सब्जी के लिए बने नवीन शेड, पेयजल, प्रकाश, सुरक्षा, तौल कांटा और वारदाना (बारदाना) की उपलब्धता की समीक्षा की।
सरकारी खरीदी को लेकर किसानों के बीच बना सस्पेंस अब खत्म हो गया है। बुधवार को कई किसानों ने स्लॉट बुकिंग करा ली है और कल सुबह तौल कांटा पूजन के साथ विधिवत तुलाई प्रारंभ कर दी जाएगी। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं।









