इटारसी। राजेंद्र क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में आयोजित पांचवें स्वर्गीय सुमित बैस अंडर-17 लेदर बॉल क्रिकेट ट्रॉफी का आज रेलवे इंस्टीट्यूट 12 बंगला मैदान पर हर्षोल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री उमेश पटेल उपस्थित रहे।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं, बल्कि आज क्रिकेट में भविष्य बनाने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इसी मैदान से खेलकर कोई खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेगा।
टूर्नामेंट के आयोजक चेतन राजपूत ने बताया कि इस 6-दिवसीय श्रृंखला में नर्मदापुरम, आमला, पिपरिया और इटारसी की टीमें अपना कौशल दिखाएंगी। उद्घाटन समारोह के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल राजपूत, केंद्रीय विद्यालय के खेल शिक्षक अनिकेत संतौर, कोच युवराज और रजत महतो सहित कई खेल प्रेमी उपस्थित रहे।










