इटारसी। शहर के ऐतिहासिक गांधी ग्राउंड पर लक्ष्य क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित आठ टीमों के विशेष लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का शनिवार को रोमांचक समापन हो गया। इस पूरे टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य शहर में दम तोड़ते लेदर बॉल क्रिकेट को वापस से जिंदा करना और युवाओं को इस फॉर्मेट की ओर आकर्षित करना था।
इस मुहिम में लक्ष्य क्लब के मनीष शुक्ला, सुमेर चौहान, अमिताभ दुबे, अमित जायसवाल और राकेश पांडे ने अपनी बेहतरीन प्लानिंग से स्थानीय क्रिकेट में ‘ऑक्सीजन’ फूंकने का सराहनीय काम किया। पूरे टूर्नामेंट में अंपायरिंग की कमान हरीश हनोतिया और सुदेश बाजपेई ने बखूबी निभाई।
फाइनल मुकाबले का रोमांच
राजेंद्र क्लब ने एकतरफा जीता मैचआज टूर्नामेंट का बहुप्रतीक्षित खिताबी मुकाबला राजेंद्र क्लब और आयोजक लक्ष्य क्लब के बीच खेला गया। राजेंद्र क्लब के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, जो टीम के लिए बेहद कारगर साबित हुआ। राजेंद्र क्लब ने निर्धारित 15 ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य क्लब के सामने 155 रनों का मजबूत लक्ष्य रखा।79 रनों पर सिमटी लक्ष्य क्लब की पारी156 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी लक्ष्य क्लब की शुरुआत बेहद खराब रही। राजेंद्र क्लब की सटीक और धारदार गेंदबाजी के आगे लक्ष्य क्लब के बल्लेबाज बिखर गए। पूरी टीम महज 79 रनों पर ही सिमट गई।
इस तरह राजेंद्र क्लब ने यह मैच एकतरफा अंदाज में अपने नाम कर चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।टूर्नामेंट के समापन पर खेल प्रेमियों ने दोनों टीमों के खेल की सराहना की और उम्मीद जताई कि शहर में लेदर बॉल क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन आगे भी जारी रहेंगे।











