इटारसी। भारतीय रेलवे के सैकड़ों रनिंग स्टाफ और ट्रैफिक विभाग के कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से लंबित माइलेज रेट (किलोमीटर भत्ता) में बढ़ोतरी की मांग को रेल प्रशासन ने स्वीकार कर लिया है। यह आदेश 1 जनवरी 2024 से प्रभावी माना जाएगा।
अशोक शर्मा के प्रयासों से सफलता
नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे और वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के महामंत्री अशोक शर्मा के निरंतर प्रयासों और रेलवे बोर्ड पर बनाए गए दबाव के बाद यह ऐतिहासिक आदेश जारी हुआ है। श्री शर्मा ने बताया कि आमतौर पर वेतन आयोग के गठन के साथ ही भत्ते बढ़ा दिए जाते हैं, लेकिन रेल प्रशासन ने किलोमीटर भत्ते व अन्य भत्तों को रोक रखा था। संघ की दृढ़ता के कारण अब कर्मचारियों को उनका हक मिला है।
कर्मचारियों को मिलेगा सीधा आर्थिक लाभ
इस आदेश के लागू होने से रनिंग स्टाफ के कर्मचारियों के मासिक वेतन में लगभग 15,000 से 20,000 रुपये तक की बढ़त देखने को मिलेगी। इस निर्णय से समस्त रनिंग स्टाफ (लोको पायलट, गार्ड) और ट्रैफिक विभाग के कर्मचारियों को सीधा फायदा पहुंचेगा। आदेश जारी होने पर रेलवे कर्मचारियों ने महामंत्री अशोक शर्मा का आभार व्यक्त किया है। श्री शर्मा ने दोहराया कि वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ हमेशा कर्मचारी हितों के लिए समर्पित रहा है और भविष्य में भी उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहेगा।










