इटारसी। वार्ड क्रमांक 9 पीपल मोहल्ला, आवाम नगर और खेड़ा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 40 लाख रुपये की लागत से चार आरसीसी नालियों और तीन सीसी सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन विकास कार्यों का भूमिपूजन विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इन कार्यों के पूरे होने से क्षेत्रवासियों को सुचारु जल निकासी और बेहतर सड़कों की सुविधा मिलेगी।
विकास कार्यों में नहीं आएगी कोई कमी
इस अवसर पर विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार शहर के सर्वांगीण विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि सभी वार्डों में नागरिकों की आवश्यकतानुसार जनहित के कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से निर्माण कार्यों के दौरान सहयोग करने और गुणवत्ता पर नजर रखने की अपील भी की ताकि निर्माण लंबे समय तक उपयोगी रहे।
जल निकासी और आवागमन होगा सुगम
इस योजना के तहत वार्ड में विभिन्न स्थानों पर कुल 395 मीटर लंबी आरसीसी नालियों और 310 मीटर लंबी सीसी सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 12 लाख रुपये की लागत से दो अन्य महत्वपूर्ण आरसीसी नालियां भी बनेंगी। कार्यक्रम के समापन पर वार्ड पार्षद श्रीमती मीरा राजकुमार यादव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस भूमिपूजन कार्यक्रम में कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।











