इटारसी। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत इटारसी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सरेआम पिस्टल लहराकर लोगों में दहशत फैलाने और अड़ीबाजी करने वाले एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश के पास से पुलिस ने एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी
नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और इटारसी एसडीओपी के मार्गदर्शन में इटारसी पुलिस लगातार असामाजिक तत्वों पर नजर रख रही है। बुधवार, 2 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चामुण्डा चौराहा के पास एक युवक खुलेआम हाथ में पिस्टल लहराकर आम जनता को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।
गांधी नगर का रहने वाला है आरोपी, पहले भी दर्ज हैं कई मामले
थाना लाकर की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विक्रम उर्फ टक्कू पिता गजेन्द्र मोर्य, निवासी गांधी नगर, इटारसी बताया है। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी विक्रम एक हिस्ट्रीशीटर (आदतन अपराधी) है। इसके खिलाफ इटारसी थाने में पूर्व से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। वैधानिक कार्रवाई पूरी होने के बाद गुरुवार, 3 सितंबर को उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। इस शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में उपनिरीक्षक सुरेश चौहान, आरक्षक सतीष कुशवाह, महेन्द्र, अंकित, नरेन्द्र और संदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











