नर्मदापुरम। पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आदतन अपराधी को भारी मात्रा में अवैध शराब, एक बिना नंबर की बलेनो कार और अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। जप्त किए गए कुल माल की कीमत 5,41,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम और आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को सहायक जिला आबकारी अधिकारी नर्मदापुरम को मुखबिर से सूचना मिली थी। इस पर टीम ने फेफरताल के पास घेराबंदी कर आरोपी दीपक अहिरवार (34 वर्ष), निवासी गैरेज लाइन, हाल निवासी महिमा नगर, नर्मदापुरम को दबोचा।
कार से मिले हथियार और शराब
आरोपी की बिना नंबर की मारुति बलेनो कार की तलाशी लेने पर उसमें से 7 पेटी अवैध शराब (180 एमएल के कुल 350 क्वाटर, कुल 63 लीटर) बरामद हुई। इसके साथ ही आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल (बिना मैगजीन की) और एक खटकेदार चाकू भी जब्त किया। आबकारी टीम ने जब्त कार, शराब और हथियारों के साथ आरोपी दीपक अहिरवार को थाना देहात नर्मदापुरम के सुपुर्द किया।
देहात थाना पुलिस ने आबकारी विभाग की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी दीपक अहिरवार एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ थाना देहात और थाना कोतवाली में लड़ाई-झगड़ा, मारपीट और अवैध शराब बेचने के पूर्व से कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस बड़ी कार्रवाई में देहात थाना प्रभारी निरीक्षक उषा मरावी, सउनि दिनेश मेहरा, सउनि सुखनंदन नर्रे, सउनि प्रवीण शर्मा, प्रधान आरक्षक नवीन दुबे, आरक्षक जितेंद्र सिंह राजपूत, सुनील साहू और आबकारी विभाग नर्मदापुरम की टीम की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही।











