इटारसी। शहर में श्री हनुमान जन्मोत्सव का उत्साह चरम पर है। सोमवार को श्री स्वप्नेश्वर हनुमान धाम मंदिर समिति के तत्वावधान में एक विशाल वाहन रैली निकाली गई, जिसने पूरे नगर को भक्तिमय कर दिया। मुकेश मिहानी के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुषों ने शामिल होकर इसे ऐतिहासिक भव्यता प्रदान की।
वेशभूषा और भगवा ध्वजों का आकर्षण

रैली का विशेष आकर्षण महिलाओं द्वारा धारण की गई पारंपरिक महाराष्ट्रीयन संस्कृति की वेशभूषा रही। हाथों में भगवा ध्वज और केसरिया वस्त्रों में सजे युवक-युवतियों ने जय श्रीराम के गगनभेदी नारों के साथ पूरे शहर का भ्रमण किया।
इन प्रमुख मार्गों से गुजरी रैली
प्रात: 09:30 बजे श्री स्वप्नेश्वर हनुमान धाम मंदिर से शुरू हुई यह रैली नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली श्री स्वप्नेश्वर हनुमान धाम मंदिर से बिन्द्रा गली, सूरजगंज और चौराहा, स्टेट बैंक चौराहा, भारत टाकीज रोड, शीतला माता मंदिर, शास्त्री मार्केट, मराठी स्कूल, सराफा बाजार, टीए शाह, पुराना देना बैंक होते हुए पुलिस थाने से पुरानी इटारसी। वापसी में खेड़ा पति मंदिर, सीपीई से वापस होकर गुरुद्वारा, जयस्तंभ और चिकमंगलूर चौराहा, आरएमएस कार्नर, रेस्ट हाउस, ध्यानचंद तिराहा, कॉन्वेंट स्कूल, अस्पताल के पीछे से विश्वनाथ टॉकीज तिराहा और मालवीयगंज होते हुए वापस श्री स्वप्नेश्वर हनुमान धाम मंदिर पर रैली का सफल समापन हुआ।
आगामी कार्यक्रम
हनुमान जन्मोत्सव के अंतर्गत 01 अप्रैल बुधवार शाम 04 बजे श्री द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर से भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। 02 अप्रैल गुरुवार दोपहर 01 बजे से भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति के महेंद्र तिवारी ने नागरिकों से आयोजन में शामिल होने का अनुरोध किया है।










