इटारसी। स्टेशन के सामने स्थित वर्षों पुराने हनुमान मंदिर की प्रतिमा को शनिवार को सर्वसम्मति से विधिवत नए स्थान पर स्थापित कर दिया गया। यह महत्वपूर्ण कार्य शांतिपूर्ण माहौल में और पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। प्रतिमा के नए घर में पहुंचने से अब रेलवे स्टेशन के सामने के मार्ग का चौड़ीकरण का कार्य आसान हो गया है।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर शहर के कई उच्च अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, एसडीएम नितेश शर्मा, एसडीओपी वीरेंद्र मिश्रा, और थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला, तहसीलदार शक्ति सिंह तोमर आदि उपस्थित थे। शहर के नागरिकों और श्रद्धालुओं ने भी बड़ी संख्या में इस पुन:स्थापन कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान विधायक ने मंदिर के विस्थापन प्रक्रिया में सहयोग करने वाले संगठनों के सदस्यों का सम्मान किया।

सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी
प्रशासन ने इस संवेदनशील आयोजन के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अधिकारियों और नागरिकों की उपस्थिति ने इस धार्मिक और प्रशासनिक कार्य को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ‘हनुमंत लला’ के नए घर में पहुंचने के साथ ही वर्षों पुराने रोड चौड़ीकरण की राह खुल गई है, जिसका लाभ अब नागरिकों को मिल सकेगा।









