इटारसी। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय, इटारसी के अधीक्षक डॉ. आरके चौधरी के निर्देशानुसार, आज 22 अगस्त 2025 को मुस्कान संस्था के सहयोग से न्यास कॉलोनी स्थित मुस्कान संस्था बालिका गृह में एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य मौसमी बीमारियों से बचाव और बालिकाओं के स्वास्थ्य की जांच करना था।
यह स्वास्थ्य शिविर मुस्कान संस्था के संचालक मनीष ठाकुर और संस्था प्रभारी ऋतु राजपूत के विशेष सहयोग से आयोजित किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग से एलएचवी वंदना राज, आशा कार्यकर्ता विनम लोवंशी, एएनएम शिवानी झलिया, और सरोज मेहरा ने अपनी सेवाएं दीं। मुस्कान संस्था की ओर से मोना जॉनसन, रानी राजपूत, और विशाखा अंजीकर ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
स्वास्थ्य शिविर की प्रमुख गतिविधियां
- सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण : शिविर में 14 बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीके की दूसरी खुराक दी गई। यह टीका मानव पेपिलोमावायरस (HPV) से होने वाले गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाव में सहायक होता है। यह टीका खासकर किशोरियों के लिए महत्वपूर्ण है।
- एनीमिया की जांच : मुस्कान संस्था की 37 बालिकाओं का हीमोग्लोबिन टेस्ट भी किया गया, ताकि एनीमिया (खून की कमी) की जांच की जा सके।
- पोषण और स्वच्छता पर चर्चा : स्वास्थ्य कर्मियों ने बालिकाओं को पोषण युक्त भोजन के महत्व और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के तरीकों के बारे में जानकारी दी।








