इटारसी। ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत, इटारसी में बच्चों के स्वास्थ्य की जांच के लिए एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर लायंस क्लब इटारसी कपल और महिला बाल विकास विभाग के संयुक्त सहयोग से वार्ड 18 के केंद्र 132 में आयोजित हुआ।
शिविर में बच्चों और उनके अभिभावकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। इसमें लाइंस क्लब इटारसी कपल के अध्यक्ष श्री सुनील सराठे और सचिव डॉ. विजेंद्र बड़कुल सहित कई प्रमुख सदस्य और चिकित्सक उपस्थित रहे। डॉक्टरों ने दी स्वास्थ्य सुरक्षा पर महत्वपूर्ण सलाह शिविर में डॉ. राकेश बत्रा ने वायरल संक्रमण से बचाव, सही खान-पान की आदतें और स्वास्थ्य की देखभाल पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि जिस तरह हम कोरोना महामारी के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते थे, उसी तरह हमें हमेशा अपने आसपास स्वच्छता और सुरक्षा बनाए रखनी चाहिए। यह बात डॉ. अभिषेक सोनी ने भी दोहराई। पूर्व अध्यक्ष श्रीमती श्रद्धा अग्रवाल ने सभी बच्चों के उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य की कामना की। राष्ट्रीय पोषण माह की गतिविधियों पर चर्चा महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी श्रीमती दीप्ति शुक्ला के मार्गदर्शन में, पर्यवेक्षक श्रीमती राखी मौर्य और अर्चना बस्तरवार ने 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक चलने वाले राष्ट्रीय पोषण माह की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान, एक खास पहल के तौर पर, महिला बाल विकास विभाग की ओर से लायंस क्लब इटारसी कपल को ‘एक पेड़ मां के नाम’ के रूप में एक पौधा उपहार में दिया गया। शिविर का संचालन और आभार प्रदर्शन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती राधा मालवीय ने किया। शिविर में वार्ड की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं भी मौजूद रहीं।








