इटारसी। उच्च न्यायालय मध्यप्रदेश एवं प्रधान जिला न्यायाधीश नर्मदापुरम श्रीमती तृप्ति शर्मा के दिशा-निर्देशों तथा जिला न्यायाधीश अध्यक्ष, तहसील विधिक सेवा समिति आदित्य रावत के मार्गदर्शन में स्थानीय न्यायालय परिसर में दो दिवसीय वृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
19 व 21 सितंबर को आयोजित इस शिविर में न्यायालयीन कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। शिविर में जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सिमरनजीत सिंह, डॉ. अनिकेत सिंह, डॉ. वंदना मोरे और दंत व नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमलता मौजूद रहीं।
चिकित्सकों की टीम ने कर्मचारियों और वकीलों का बीपी, शुगर आदि चेक कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इसके साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।











