इटारसी। शहर में आज शाम मौसम ने ऐसा यू-टर्न लिया कि लोग देखते रह गए। शाम सवा सात बजे आसमान में छाए घने काले बादल इस कदर बरसे कि महज कुछ ही देर में सड़कों पर नदियों जैसा मंजर नजर आने लगा। तेज़ हवाओं के थपेड़ों, बिजली की कड़कड़ाहट और बादलों की भीषण गर्जना के साथ शुरू हुई इस झमाझम बारिश ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया।
इसे इस मानसून सीजन की अब तक की सबसे तेज और मूसलाधार बारिश माना जा रहा है।
बारिश की रफ्तार इतनी अधिक थी कि शहर की नालियां लबालब होकर सड़कों पर बहने लगीं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। समाचार लिखे जाने तक बारिश की तीव्रता बेहद तेज बनी हुई थी और आसमान लगातार बरस रहा था, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है।









