
रोहित नागे, 9424482883
इटारसी। ढलती शाम, सुहानी हवा और सड़क किनारे जलती मोबाइल की टॉर्च… पहली नजर में यह किसी फिल्मी सीन या आउटिंग का नजारा लग सकता है, लेकिन हकीकत इससे कहीं ज्यादा कड़वी और खतरनाक है। इटारसी से बम्हनगांव और सोनासांवरी जाने वाले रास्तों पर रात होते ही जो ‘ओपन-एयर बार’ सजते हैं, वे हमारी कानून व्यवस्था के मुंह पर एक करारा तमाचा हैं।
बायपास और ग्रामीण अंचलों की सड़कों पर बाइक की सीट अब ‘बार टेबल’ बन चुकी है और कार के बोनट ‘चखना काउंटर’। चार-पांच दोस्तों का झुंड, हाथ में छलकता जाम और बेफिक्र ठहाके—यह नजारा अब कोई अपवाद नहीं, बल्कि इन रास्तों का ‘डेली रूटीन’ बन गया है।
धज्जियां उड़ाता ‘ओपन मयखाना’
यह कौन-सा नया ट्रेंड है, जहां रेलवे ट्रैक के किनारे और खेतों की मेढ़ों पर बेखौफ होकर महफिलें जम रही हैं? सुरा प्रेमियों के इस स्वैग और बेफिक्री को देखकर तो यही लगता है कि खाकी का खौफ अब सिर्फ किताबों में रह गया है। जब पुलिस की नीली-लाल बत्ती इन रास्तों से ‘भूलकर’ भी नहीं गुजरती, तो फिर कानून का डर कैसा?
‘कूल’ माहौल के पीछे छिपा खौफनाक सच
जो नजारा कुछ लोगों के लिए ‘नाइट लाइफ’ या ‘चिल आउट’ हो सकता है, वही नजारा किसी की बहन, बेटी या परिवार के लिए खौफ का सबब बना हुआ है।
क्या कोई पिता अपनी बेटी को रात 8 बजे के बाद सोनासांवरी या बम्हनगांव रोड पर अकेले स्कूटी से भेजने की हिम्मत कर सकता है?
क्या परिवार के साथ बाइक से लौट रहा कोई शख्स इन नशेडिय़ों के हुड़दंग के बीच सुरक्षित महसूस कर सकता है?
जवाब है— ‘बिल्कुल नहीं। शराब के नशे में धुत ये ‘सड़कछाप नवाब’ कब किसी पर फब्तियां कस दें, कब कोई बदतमीजी कर बैठें या कब किसी बड़े हादसे को अंजाम दे दें, कोई नहीं जानता।
क्या खाकी को किसी बड़े ‘हादसे’ का इंतजार है?
सवाल सीधा है— जब इटारसी और आसपास के ही लोग इन रास्तों पर सरेआम कानून तोड़ रहे हैं, तो स्थानीय पुलिस और आबकारी महकमा आंखें मूंदकर क्यों बैठा है? क्या गश्त सिर्फ कागजों और मुख्य चौराहों तक सीमित रह गई है?
किसी गंभीर अपराध, महिला उत्पीडऩ या जानलेवा हादसे के बाद मोमबत्तियां जलाने और जांच के आदेश देने से बेहतर है कि समय रहते कड़े कदम उठाए जाएं।
प्रशासन के लिए सीधा संदेश
- नाइट गश्त बढ़ाएं : सोनासांवरी, बम्हनगांव और ग्रामीण रूटों पर पुलिस की मोबाइल वैन और चीता मोबाइल की सरप्राइज चेकिंग शुरू हो।
- स्पॉट फाइन और कार्रवाई : सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों की गाडिय़ां जब्त की जाएं और उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
रोशनी की व्यवस्था : जिन डार्क स्पॉट्स पर महफिलें जमती हैं, वहां पुलिस की मौजूदगी के साथ-साथ जनप्रतिनिधि प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करें।
सड़कें आवागमन के लिए होती हैं, मयखाने की तरह जाम टकराने के लिए नहीं। अगर आज इन ढीले ढर्रों पर लगाम नहीं कसी गई, तो कल की किसी बड़ी अनहोनी की जिम्मेदारी भी प्रशासन की ही होगी।









