नर्मदापुरम। नर्मदापुरम की होनहार बेटी कु हिमागिनी मिश्रा ने विश्व के सबसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शुमार कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय (लंदन) से मास्टर ऑफ लॉज की उपाधि हासिल कर पूरे मध्य प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
प्रारंभिक शिक्षा से लेकर गोल्ड मेडल तक का सफर
कु. हिमागिनी मिश्रा की प्रारंभिक शिक्षा नर्मदापुरम के सरबाइट कॉन्वेंट स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने देश के प्रमुख लॉ संस्थानों में शामिल गुजरात नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, गांधीनगर से बीए, एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। स्नातक में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए उन्होंने स्वर्ण पदक प्राप्त किया था। इसी शैक्षणिक उत्कृष्टता को जारी रखते हुए उन्होंने अब कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से लॉ में स्नातकोत्तर की डिग्री अर्जित की है।
उल्लेखनीय है कि हिमागिनी मिश्रा, मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्य अनुराग मिश्रा की सुपुत्री हैं। हिमागिनी की इस सफलता के पीछे उनका अथक परिश्रम, अटूट समर्पण, अनुशासन और दृढ़ संकल्प रहा है, जिसके बल पर उन्होंने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
हिमागिनी मिश्रा की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर परिवारजनों, मित्रों, शुभचिंतकों सहित नर्मदापुरम के सामाजिक, शैक्षणिक और खेल जगत से जुड़े गणमान्य नागरिकों ने उन्हें हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र सेवा में उनके महत्वपूर्ण योगदान की कामना की है।











