---Advertisement---

ऐतिहासिक पारदर्शिता का निर्णय, अध्यक्ष ने परिषद के सामने रखे पीआईसी के सारे सीक्रेट

By
On:
Follow Us
Bachpan play school advertisement

इटारसी। नगरपालिका परिषद इटारसी के इतिहास में पहली बार, मंगलवार को आयोजित साधारण व्यापक सम्मेलन (साधारण सभा) में अध्यक्ष पंकज चौरे ने पीआईसी (प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल) द्वारा लिए सभी निर्णयों की पूरी जानकारी परिषद के समक्ष चर्चा के लिए रखी। इस ऐतिहासिक कदम को पार्षदों ने सहमति दी और इसे नगरपालिका की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया है। कुल 35 प्रस्तावों पर चर्चा हुई, जिसमें से 32 सर्वसम्मति से पास किए, दो प्रस्ताव स्थगित हुए, और एक प्रस्ताव हाईकोर्ट के स्टे के कारण विलोपित कर दिया गया।

पारदर्शिता का ‘ऐतिहासिक कदम’

नपा अध्यक्ष पंकज चौरे ने इस निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अभी तक अध्यक्ष और सात सभापतियों को छोड़कर किसी भी पार्षद को पीआईसी के निर्णयों की जानकारी नहीं होती थी। उन्होंने कहा, ‘हमने पारदर्शिता दिखाते हुए सबके सामने सबकुछ निर्णय रख दिए हैं। इससे आने वाली परिषदों को भी पारदर्शिता रखनी होगी।

मुख्य पारित निर्णय और सख्ती

परिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण और सख्त निर्णय लिए गए।

  • अतिक्रमण पर जुर्माना : सड़कों पर बेतरतीब खड़े फल के ठेलों और अन्य व्यापार पर प्रथम बार 1000, द्वितीय बार 2000, तृतीय बार 3000 जुर्माना। जब्त सामान सरकारी अस्पताल/वृद्धाश्रम भेजा जाएगा।
  • राजस्व वसूली : 31 मार्च 2026 तक 75 प्रतिशत कर वसूली का लक्ष्य। कम शेष राशि संबंधित कर्मचारी के वेतन से काटी जाएगी।
  • अवैध कनेक्शन : वैध करने की प्रक्रिया शुरू होगी और जल कर वसूला जाएगा। लक्ष्य पूरा न होने पर वार्ड प्रभारी व पंप ऑपरेटरों के वेतन से कटौती की जाएगी।
  • पीएम आवास योजना : आजाद नगर में बन रहे एलआईजी भवन निर्माण के लिए ठेकेदार (भुपतानी एसोसिएट) को एक वर्ष का एक्सटेंशन दिया गया।
  • आइकॉनिक शौचालय : निर्माण अब बस स्टैंड पर मौजूद पुराने शौचालय को तोड़कर उसके स्थान पर किया जाएगा।
  • शौचालय शुल्क : सार्वजनिक सुलभ शौचालय में स्नान और शौच के लिए 10 रुपए शुल्क तय किया गया।
  • गरीबों की अंत्येष्टि : बेसहारा मृतकों की अंत्येष्टि के लिए शांतिधाम समिति को 3 लाख की लकड़ी उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। जरुरतमंद की मदद के लिए पार्षद सीधे अध्यक्ष को फोन करेंगे।

ट्यूबवेल जल उपभोक्ता प्रभार पर स्थगित

प्रस्ताव क्रमांक 04, जिसमें ट्यूबवेल धारकों से जल उपभोक्ता प्रभार लेने पर चर्चा होनी थी, पार्षदों के भारी विरोध के कारण स्थगित कर दिया गया। भाजपा पार्षद शिवकिशोर रावत, मनीषा अग्रवाल, कांग्रेस पार्षद दिलीप गोस्वामी, धर्मदास मिहानी और अन्य ने इसका विरोध किया। सभापति राकेश जाधव ने सुझाव दिया कि यह प्रभार केवल गर्मी के दिनों में टेंकरों से पानी देने की स्थिति में लिया जाए, जिसके बाद अध्यक्ष ने इसे स्थगित कर दिया।

बिजली कंपनी को एनओसी के बिना काम न करने की चेतावनी

प्रस्ताव क्रमांक 20 (पोल व डीपी शिफ्टिंग) पर चर्चा के दौरान सभापति राकेश जाधव ने तीखी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि नगर पालिका बिजली कंपनी से कहे कि वह बिना नगरपालिका से एनओसी प्राप्त किए कहीं भी ट्रांसफार्मर व पोल नहीं लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली कंपनी कथित तौर पर प्राइवेट कॉलोनाइजरों/मॉल संचालकों से मिलकर सरकारी स्थान पर खंभे लगा रही है, जबकि उन्हें इन्हें निजी परिसर के अंदर लगाना चाहिए।

केंद्रीय मुद्दों पर भी प्रस्ताव पारित

परिषद की बैठक में तीन केंद्रीय मुद्दों पर भी प्रस्ताव पारित किए गए। जीएसटी दरें कम करने पर केंद्र सरकार को धन्यवाद ज्ञापित किया। आम नागरिकों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने की अपील की गई। एक राष्ट्र, एक चुनाव के प्रस्ताव का भाजपा और कांग्रेस दोनों ने समर्थन करते हुए प्रस्ताव पारित किया। एफआईआर दर्ज न होने पर कोर्ट जाने का निर्णय वर्ष 2016-17 के फर्जी रसीद बुक से संबंधित मामलों में कर्मचारियों (रमेश दुबे, सहायक राजस्व निरीक्षक, कल्लू सिंह ठाकुर, भृत्य) पर सिटी थाने में एफआईआर दर्ज न होने पर परिषद ने मामले को कोर्ट में प्रतिवाद के तौर पर प्रस्तुत करने का निर्णय लिया।

Rohit Nage

रोहित नागे वरिष्ठ पत्रकार एवं समाचार संपादक हैं, जिन्हें प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता में स्नातक किया है तथा लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है। अपने पत्रकारिता जीवन में उन्होंने दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, राज एक्सप्रेस, पीपुल्स समाचार, नवभारत सहित अनेक प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में रिपोर्टर, उप-संपादक, ब्यूरो प्रमुख एवं न्यूज़ इंचार्ज के रूप में कार्य किया है। वे Narmadanchal.com के रिपोर्टर, उप-संपादक, एवं न्यूज़ इंचार्ज के रूप में कार्य कर रहे हैं और नर्मदांचल क्षेत्र की निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं जनहित से जुड़ी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं। वर्तमान में वे मध्य प्रदेश की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय समाचारों पर विशेष रूप से लेखन एवं संपादन कार्य कर रहे हैं।

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel

Advertisement

Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.