---Advertisement---

हॉकी की नर्सरी नर्मदापुरम का जलवा, अंडर-18 भारतीय टीम में जिले के तीन सितारों का चयन, ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेंगे

By
On:
Follow Us
Bachpan play school advertisement

इटारसी। खेल और खिलाडिय़ों की धरती नर्मदापुरम ने एक बार फिर राष्ट्रीय खेल जगत में अपनी धाक जमाई है। भोपाल में आयोजित होने वाली भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया अंडर-18) हॉकी सीरीज के लिए घोषित भारतीय टीम में नर्मदापुरम के तीन होनहार खिलाडिय़ों का चयन हुआ है। यह जिले के खेल इतिहास के लिए एक स्वर्णिम उपलब्धि मानी जा रही है।

इन सितारों ने बढ़ाया मान

भारतीय टीम के स्क्वाड में नर्मदापुरम से महक परिहार मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी ग्वालियर, अंश बहुत्रा और गाजी खान को स्थान मिला है। ये तीनों खिलाड़ी 15 से 20 मई तक भोपाल के उद्धव दास मेहता (भाई जी) सेंट्रल सेंटर में होने वाली अंतरराष्ट्रीय सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान में उतरेंगे।

  • महक परिहार : महिला अंडर-18 टीम में गोलकीपर के रूप में अपनी दीवार खड़ी करेंगी।
  • अंश बहुत्रा : पुरुष अंडर-18 टीम में डिफेंस की कमान संभालेंगे।
  • गाजी खान : पुरुष अंडर-18 टीम में फॉरवर्ड खिलाड़ी के रूप में गोल दागने की जिम्मेदारी निभाएंगे।

नर्मदापुरम हॉकी में खुशी की लहर

हॉकी नर्मदापुरम की इस बड़ी उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया है। हॉकी नर्मदापुरम के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह तोमर, सचिव साजिद मलिक और कोषाध्यक्ष सर्वजीत सिंह सैनी ने इसे खिलाडिय़ों की कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन का परिणाम बताया है।

खिलाडिय़ों के गुरु और कोच कन्हैया गुरयानी ने कहा कि इन बच्चों का भारतीय टीम में चयन होना अन्य युवा खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणा बनेगा। वहीं, संरक्षक अतुल सेठा ने खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सीरीज में शानदार प्रदर्शन की कामना की है।

भोपाल में होगा रोमांचक मुकाबला

बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यह सीरीज 15 मई से शुरू होकर 20 मई तक चलेगी। स्थानीय खेल प्रशंसकों को उम्मीद है कि नर्मदापुरम के ये जांबाज अपनी स्टिक का जादू दिखाएंगे और भारतीय टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे। हॉकी नर्मदापुरम ने हॉकी मध्यप्रदेश, हॉकी अकादमी भोपाल और कोच समीर दादा का आभार व्यक्त किया है।

Rohit Nage

Rohit Nage has 30 years' experience in the field of journalism. He has vast experience of writing articles, news story, sports news, political news.

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel

Advertisement

Rashtra Bharti School, Itarsi
error: Content is protected !!