मटकुली, नर्मदापुरम। पचमढ़ी स्टेट हाईवे पर मटकुली के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा जाने से भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में बोलेरो में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बोलेरो की रफ्तार बेहद तेज थी। मटकुली के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे सड़क किनारे एक पेड़ में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से मलबे में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने सभी 5 शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों में नर्मदापुरम के प्रदीप धुर्वे, ज्योति धुर्वे, अक्षत धुर्वे, पंचम ठाकुर और कुलदीप ठाकुर शामिल हैं। बताया जाता है कि ये लोग तामिया से एक रसोई कार्यक्रम में शामिल होकर नर्मदापुरम आ रहे थे।











