मध्यप्रदेश में राजस्व वसूली में होशंगाबाद नगर पालिका अव्वल, 19 को मिलेगा पुरस्कार

मध्यप्रदेश में राजस्व वसूली में होशंगाबाद नगर पालिका अव्वल, 19 को मिलेगा पुरस्कार

नर्मदापुरम। राजस्व वसूली में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निकायों को राज्य शासन ने प्रोत्साहन अनुदान देने की घोषणा की थी। इसके परिणाम घोषित हो गये हैं, इन सभी निकायों को 19 दिसंबर को भोपाल में होने वाले नगरीय निकायों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के प्रशिक्षण सह सम्मेलन में पुरस्कृत किया जाएगा।

परिणामों के अनुसार एक लाख से अधिक आबादी वाले निकायों में नगर पालिका परिषद होशंगाबाद मध्यप्रदेश (Municipal Council Hoshangabad Madhya Pradesh) में प्रथम स्थान पर रही है। निकाय को 30 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।

मध्यप्रदेश में दूसरा स्थान मंदसौर का रहा जिसे 20 लाख और तीसरे स्थान पर विदिशा को 15 लाख की राशि स्वीकृत हुई है। एक लाख से कम जनसंख्या वाले निकायों में राधौगढ़ प्रथम स्थान पर रहा और उसे 30 लाख, द्वितीय शाजपुर को 20 और तृतीय स्थान पर रही मैहर नगर पालिका को 15 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं। 25 हजार से अधिक जनसंख्या वाले निकाय में महूगांव प्रथम 15.50 लाख, राऊ द्वितीय 10 लाख, धामनोद (धार) तृतीय 05 लाख, श्यामगढ़ चतुर्थ 05 लाख, मनासा पंचम पांच लाख स्वीकृत हुए हैं।

इसी तरह से 25 हजार से कम जनसंख्या वाले निकाय में उचेहरा प्रथम 15.50 लाख, बड़कुही द्वितीय 10 लाख, बिरसिंहपुर तृतीय, खजुराहो चतुर्थ और बड़ामलहरा पंचम को पांच-पांच लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं।

राजस्व वसूली में वर्ष 2021-22 में मध्यप्रदेश के कुल 16 निकायों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है जबकि स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान 2022 में जिन निकायों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, ऐसे कुल 16 निकाय हैं। उक्त दिनांक को निकायों के महापौर, अध्यक्ष, आयुक्त, नगर पालिका निगम, मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को पुरस्कार प्राप्‍त करने के लिए उपस्थित रहना होगा। 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus (0 )
error: Content is protected !!