इटारसी। रक्षा विभाग के सीपीई में चल रही ऑल इंडिया इंटर जोनल कबड्डी प्रतियोगिता में आज खेले सेमीफाइनल मुकाबले के बाद सेंट्रल जोन और साउथ जोन फाइनल में पहुंच गयी हैं।
आज तीसरे दिन ऑल इंडिया डीजीक्यूए इंटर जोनल कबड्डी प्रतियोगिता का पहला मुकाबला साउथ जोन एवं वेस्ट जोन के मध्य शुरू हुआ जिसमें साउथ जोन ने वेस्ट जोन को 27 अंकों से हराते हुए लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा मुकाबला मेजबान सेंट्रल जोन एवं नार्थ जोन के बीच हुआ। दोनों ही टीम में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी होने से मैच काफी कश्मकश रहा। मैच में मेजबान सेंट्रल जोन ने 16 पॉइंट से विजय हासिल करते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
चार दिवसीय ऑल इंडिया डीजीक्यूए इंटर जोनल कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मैच 24 फरवरी को शाम 4 बजे सीपीई इटारसी के साहनी स्टेडियम में मेजबान सेंट्रल जोन एवं साउथ जोन के मध्य होगा। फाइनल में प्रवेश करने वाली दोनों ही टीम में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी महेश गौण, विजय सावनेर, मयूर भंडारे सेंट्रल जोन की तरफ से कोच परमु यादव के मार्गदर्शन में अपने मैच को जीतने के लिए मैदान में उतरेंगे। वहीं साउथ जोन के काफी फुर्तीले खिलाड़ी के. महेश, विक्रम राजन, एमव्ही रामू एवं एस मूर्ति भी अपनी जीत का सिलसिला जारी रखने के लिए जोर लगाएंगे।









