इटारसी। रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 01 पर बैलास्ट-लेस ट्रैक निर्माण कार्य के चलते पूर्व में निरस्त की गई हैदराबाद-गोरखपुर-हैदराबाद स्पेशल ट्रेन को अब रद्द करने के बजाय परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है। रेल प्रशासन के अनुसार, यह ट्रेन अब झांसी के बजाय इटारसी-जबलपुर-ओहन-हरपालपुर-कानपुर सेंट्रल मार्ग से होकर अपनी मंजिल तक पहुंचेगी।
गाड़ी संख्या 07075/22075 हैदराबाद/चरलापल्ली-गोरखपुर एक्सप्रेस 20 नवंबर से 25 दिसंबर तक डायवर्टेड रूट इटारसी-जबलपुर-ओहन-हरपालपुर-कानपुर सेंट्रल से चलेगी। गाड़ी संख्या 07076/22076 गोरखपुर-हैदराबाद/चरलापल्ली ट्रेन 22 नवंबर से 27 दिसंबर तक इसी परिवर्तित मार्ग कानपुर सेंट्रल-हरपालपुर-ओहन-जबलपुर-इटारसी से संचालित होगी। ट्रेन निरस्त न होने से इस रूट के यात्रियों को निर्धारित अवधि में आवागमन की निरंतर सुविधा मिलती रहेगी।








