इटारसी। रेल यात्रियों की सुविधा और लगातार बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने एक बड़ा निर्णय लिया है। पूर्व में स्पेशल ट्रेन के रूप में चल रही गाड़ी संख्या 07019/07020 हैदराबाद-जयपुर-हैदराबाद साप्ताहिक एक्सप्रेस को अब स्थाई करते हुए नियमित नंबर से संचालित करने का फैसला किया गया है।
अब यह ट्रेन अपने नए और परमानेंट नंबर 17079/17080 के साथ पटरी पर दौड़ेगी। यह ट्रेन पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के अंतर्गत आने वाले प्रमुख स्टेशनों इटारसी जंक्शन, भोपाल जंक्शन और संत हिरदाराम नगर जंक्शन से होकर गुजरेगी, जिससे मध्य प्रदेश के यात्रियों को राजस्थान और दक्षिण भारत के लिए एक बेहतर और नियमित ट्रेन का विकल्प मिलेगा।
शेड्यूल के मुताबिक, गाड़ी संख्या 17079 हैदराबाद-जयपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस 24 जुलाई से प्रत्येक शुक्रवार को हैदराबाद से शाम 19:50 बजे प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन रविवार को सुबह 05:25 बजे जयपुर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 17080 जयपुर-हैदराबाद साप्ताहिक एक्सप्रेस 26 जुलाई से हर रविवार को जयपुर से दोपहर बाद 15:30 बजे रवाना होकर मंगलवार को सुबह 05:00 बजे हैदराबाद पहुंचेगी।
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में सिकंदराबाद, निजामाबाद, नांदेड़, अकोला, खंडवा, इटारसी, भोपाल, उज्जैन, रतलाम, चित्तौडग़ढ़ और अजमेर जैसे देश के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। यात्रियों के सफर को सुरक्षित और आरामदायक बनाने के लिए इस ट्रेन में कुल 22 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए गए हैं, जिनमें 2 एसी सेकंड क्लास, 7 एसी थर्ड क्लास, 7 स्लीपर क्लास और 4 जनरल क्लास के डिब्बे शामिल रहेंगे।










