इटारसी। गणेश चतुर्थी के अवसर पर बैंक कॉलोनी स्थित चिंतामणि सार्वजनिक गणेश मंडल में भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा की विधिवत स्थापना की गई। देर शाम आयोजित प्रथम दर्शन समारोह में ढोल-ताशों, शंखनाद और संगीत के बीच प्रतिमा का पर्दा हटाकर अनावरण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए उपस्थित रहे।
समारोह में मुख्य रूप से पंकज चौरे अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद इटारसी, राकेश जाधव, मनजीत कलोसिया सभापति, मनीष ठाकुर वरिष्ठ समाजसेवी, आशीष मालवीय एल्डरमैन, गोपाल शर्मा, कुलदीप रघुवंशी, अभिषेक साहू एवं करणी सेना परिवार के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पूरे शहर को समर्पित आयोजन
अतिथियों ने अपने संबोधन में मंडल के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव समाज को जोडऩे और सामूहिक आस्था को मजबूत करने का अवसर है। अतिथियों ने इस बात की विशेष प्रशंसा की कि मंडल ने इस वर्ष आयोजन को केवल बैंक कॉलोनी तक सीमित न रखकर पूरे इटारसी शहर के लिए विस्तारित किया है।चिंतामणि सार्वजनिक गणेश मंडल ने जानकारी दी है कि गणेशोत्सव के दौरान आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रथम दर्शन समारोह में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।











