इटारसी। आज 7 सितम्बर 2025 को मध्यप्रदेश सफाई मजदूर संघ शाखा इटारसी की एक महत्वपूर्ण बैठक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष महेश आर्य की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सफाई कर्मचारियों की 13 सूत्री मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई।
ठेकेदारी प्रथा और वेतन संबंधी समस्याएं
इस बैठक में संघ ने ठेकेदारी प्रथा पर गंभीर सवाल उठाए। कई सफाई कर्मचारियों ने शिकायत की कि उन्हें कलेक्टर दरों के अनुसार वेतन नहीं मिल रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। ठेकेदारों के बाहरी और स्थानीय न होने की वजह से कर्मचारियों को यह भी नहीं पता चलता कि उनकी समस्याओं को लेकर किससे संपर्क करना चाहिए। कई बार ठेकेदारों द्वारा समय बीताने के बाद भी कोई ठोस जवाब नहीं मिलता और समस्याएँ लंबित रहती हैं।
भोपाल में ज्ञापन सौंपने की तैयारी
संघ ने चेतावनी दी है कि अगर 7 से 10 दिनों के भीतर इन मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो सभी सफाई कर्मचारी भोपाल जाकर आयुक्त को ज्ञापन सौंपेंगे। वे अपनी मांगों को सीधे सामने रखकर समाधान की मांग करेंगे, ताकि कर्मचारियों को उनका उचित हक और सम्मान मिल सके। संघ ने यह भी जोर दिया कि इन मुद्दों को किसी भी राजनीतिक हस्तक्षेप से बचाकर हल किया जाए। यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो संघ आगे कड़े कदम उठाने के लिए तैयार है।








