इटारसी। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार ‘जल गंगा संवर्धन अभियान (2026)’ के तहत नगर पालिका परिषद इटारसी का अमला जल स्रोतों के संरक्षण और पुनरुद्धार हेतु सघन प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में वार्ड 32 स्थित मार्केट परिसर में पेयजल स्रोतों की विशेष सफाई कर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया। साथ ही उपस्थित जनों को जल के सदुपयोग और संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
अभियान के दौरान व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की गई कि वे पेयजल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखें और गंदगी न फैलाएं। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती रितु मेहरा ने जनता से साझा अपील करते हुए कहा कि जल ही जीवन है, इसलिए जल स्रोतों को साफ रखें और पानी का दुरुपयोग कम से कम करें।
विदित हो कि यह व्यापक जन-अभियान 19 मार्च से 30 जून तक संचालित होगा, जिसका मुख्य उद्देश्य नदियों, तालाबों, कुओं और बावड़ियों का जीर्णोद्धार कर भू-जल स्तर को बढ़ाना है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने और सघन वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का कार्य भी निरंतर किया जा रहा है।










