इटारसी। इटारसी रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल में बड़ा फेरबदल के बाद मनीष कुमार पांडे ने इटारसी आरपीएफ के नए थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने अनुराधा मिश्रा का स्थान लिया है, जिन्हें यहां से हटाकर जबलपुर अटैच कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि पूर्व थाना प्रभारी अनुराधा मिश्रा का स्थानांतरण अवैध वेंडिंग सहित अन्य कई तरह की शिकायतों के बाद किया गया है। यही अवैध वेंडिंग अब मनीष कुमार पांडे के समक्ष चुनौती पेश करेगी। क्योंकि बीते कई वर्षों का इतिहास है, आरपीएफ में थाना प्रभारी कोई भी हो, अपने प्रयास न करते हुए अवैध वेंडिंग के खिलाफ रस्म अदायगी करके पुराने अधिकारी की तर्ज पर उतना ही उससे अधिक पर समझौता करके केवल टाइम पास करता है। देखना है, कि मनीष पांडेय उनसे कितना अलग करते या कार्यप्रणाली अपनाते हैं। ज्वाइन किये कुछ दिन हुए हैं, उनको थोड़ा वक्त देना होगा, तभी हम उनके कार्यों की समीक्षा कर पाएंगे।
अवैध वेंडिंग पर कसनी होगी लगाम
उल्लेखनीय है कि इटारसी रेलवे स्टेशन लंबे समय से अवैध वेंडरों की भरमार के कारण बदनाम रहा है। स्टेशन पर बिना लाइसेंस के वेंडिंग करने वालों की गतिविधियों को रोकने की बजाय आरपीएफ पर हमेशा कथित संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगते रहे हैं। इस वजह से यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन की व्यवस्था पर भी सवाल उठते रहे हैं। अब देखना यह होगा कि नए इंस्पेक्टर मनीष कुमार पांडे इस गंभीर चुनौती से कैसे निपटते हैं और अवैध वेंडिंग के नेक्सस पर किस तरह से लगाम कसते हैं। यात्री और रेलवे प्रशासन दोनों की निगाहें अब नए थाना प्रभारी की कार्यशैली पर टिकी हैं।








