भोपाल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केन्द्र भोपाल द्वारा जारी ताजा प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और आंध्र प्रदेश तट पर सक्रिय गंभीर चक्रवातीय तूफान ‘अर्णव’ के प्रभाव और अन्य मौसमी प्रणालियों के चलते मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। राज्य में अगले 5 दिनों 28 अक्टूबर से 01 नवंबर तक के दौरान कई जिलों में झंझावात (आंधी-तूफान), वज्रपात (बिजली चमकने), झोंकेदार हवाओं (30-50 किमी/घंटा) के साथ भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
प्रमुख मौसमी हलचल और चक्रवात का प्रभाव
- चक्रवात की स्थिति : गंभीर चक्रवातीय तूफान अर्णव आंध्र प्रदेश और यनम तटों को पार करने के बाद कमजोर होकर आज 28 अक्टूबर को प्रात: 08:30 बजे तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। इसके अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढऩे और धीरे-धीरे एक गहरे दबाव में तब्दील होकर कमजोर होने की संभावना है।
- अन्य प्रणालियां : उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवातीय परिसंचरण तथा एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है।
- मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनियां 28 अक्टूबर से 01 नवंबर
28 अक्टूबर प्रात: 8:30 से 29 अक्टूबर प्रात: 8:30 तक
- भारी वर्षा, झंझावात, वज्रपात व 40-50 किमी/घंटा की हवाएं : सिंगरौली, अनुपपूर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट।
- झंझावात, वज्रपात व 40-50 किमी/घंटा की हवाएं : सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा।
- झंझावात, वज्रपात व 30-40 किमी/घंटा की हवाएं (कहीं-कहीं): भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड और मुरैना।
29 अक्टूबर प्रात: 8:30 से 30 अक्टूबर प्रात: 8:30 तक
- अति भारी वर्षा, झंझावत, वज्रपात व 40-50 किमी/घंटा की हवाएं : सिंगरौली, सीधी और मऊगंज।
- भारी वर्षा, झंझावत, वज्रपात व 40-50 किमी/घंटा की हवाएं : रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट और मैहर।
- झंझावत, वज्रपात व 40-50 किमी/घंटा की हवाए : कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और पांढुर्णा।
- झंझावत, वज्रपात व 30-40 किमी/घंटा की हवाएं : भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, देवास, शाजापुर, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुरकलां।
30 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 के दौरान
राज्य के विभिन्न हिस्सों विशेषकर ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बौछारें और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
किसानों और आम नागरिकों के लिए सलाह
- किसानों को सलाह दी जाती है कि वे वर्षा के दौरान फसलों की सिंचाई, उर्वरक और कीटनाशकों का छिड़काव रोक दें।
- खेतों में जलभराव से बचने के लिए उचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
- तेज हवाओं से सब्जियों और युवा फलदार पौधों को बचाने के लिए उन्हें लकड़ी का सहारा (स्टेकिंग) दें।
- तापमान और नमी को ध्यान में रखते हुए तोरिया, सरसों तथा कम पानी वाली रबी फसलों (जैसे चना, मसूर) की बुआई की योजना बनाएं तथा बिजली चमकने के समय खुले खेतों में काम करने से बचें।
- खराब मौसम और भारी बारिश के दौरान सुरक्षित और पक्के मकानों के अंदर रहें, पेड़ों के नीचे शरण न लें।
- निचले इलाकों, जलमग्न मार्गों तथा उफनती नदियों-नालों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।









