सिवनी मालवा। नेशनल हाईवे पर लंबे समय से हादसों को न्यौता दे रहे एक बड़े गड्ढे को मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने महज 24 घंटे के भीतर भर दिया है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के वाहन चालकों और नागरिकों ने राहत की सांस ली है।
नर्मदापुरम-हरदा मुख्य मार्ग पर शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर, प्रसिद्ध देव स्थल भीलटदेव के पास लुगची नदी के पुल पर एक बड़ा और जानलेवा गड्ढा हो गया था। इस मार्ग से गुजरने वाले ट्रक, बस और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह गड्ढा बेहद खतरनाक साबित हो रहा था और रोज दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
लंबे समय से प्रशासन की अनदेखी का शिकार रहे इस गंभीर मुद्दे को समाचार पत्रों और मीडिया ने प्रमुखता से उठाया। खबर छपते ही प्रशासन तत्काल हरकत में आया और कर्मचारियों को भेजकर गिट्टी व सीमेंट के पक्के मसाले से गड्ढे को पूरी तरह बंद करवा दिया। स्थानीय निवासियों और राहगीरों का कहना है कि प्रशासन की इस तत्परता से अब मार्ग पर होने वाले किसी बड़े हादसे का खतरा टल गया है।











