इटारसी। मंडल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में इटारसी में रनिंग स्टाफ एवं उनके परिवारजनों के लिए सेफ्टी सेमीनार एवं फैमिली संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण परिचालन) सचिन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में एवं डॉ. अभिषेक सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 90 रनिंग कर्मचारी अपने परिवारजनों सहित शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया। सेफ्टी सेमीनार में वर्तमान में लागू सभी सेफ्टी ड्राइव जैसे स्क्क्रष्ठ एवं माइक्रो स्लीप से बचाव, मानसून सावधानियां, शंटिंग एवं रोलिंग डाउन से बचाव, लोड की स्टैबलिंग आदि महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई। वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर सचिन शर्मा ने सुरक्षित गाड़ी संचालन से जुड़े पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी और कर्मचारियों को सावधानी से कार्य करने हेतु जागरूक किया।

फैमिली संवाद में डॉ. अभिषेक सोनी ने उपस्थित परिजनों को नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार एवं योग के माध्यम से स्वस्थ रहने के उपाय बताए। इस अवसर पर रनिंग स्टाफ के परिजनों के लिए एक क्विज प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें उनके जीवनसाथी की कार्यप्रणाली से जुड़े प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर द्वारा तत्काल पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि रनिंग स्टाफ एवं उनके परिवारजनों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका यथोचित समाधान भी मौके पर ही किया। उपस्थित बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार भी वितरित किए।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने कहा कि, रेल प्रशासन कर्मचारियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। ऐसे आयोजनों से कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को न केवल जागरूकता मिलती है बल्कि कार्यस्थल पर उनकी दक्षता एवं आत्मविश्वास भी बढ़ता है। कार्यक्रम के अंत में मुख्य लोको निरीक्षक मनीष सक्सेना ने उपस्थित अतिथियों एवं समस्त रनिंग स्टाफ परिवार का आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग एवं सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।











