नर्मदापुरम। जिले के थाना देहात क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन का विरोध करने पर एक कंपनी के कर्मचारी पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना के संबंध में छह लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है, साथ ही एक मुख्य आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त कर ली है। यह पूरी घटना 23 अक्टूबर की देर रात्रि की है।
सिल्वर मिस्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी अभिमन्यु सिंह ने थाना देहात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि महिला जेल के पास आकाश पाण्डेय, मोहित पासी, गोलू बररुआ, गोलू गौर, कलूआ और चंदू पासी ने उनके साथी कर्मचारी मोहन सिकरवार के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इसके बाद हरियाली तिराहे के पास आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से मोहन सिकरवार के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने का भी प्रयास किया।
प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी थी। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए नर्मदापुरम पुलिस की एक विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी व ट्रैक्टर चालक जितेन्द्र उर्फ कलुआ निवासी रायपुर, नर्मदापुरम को हिरासत में ले लिया है और घटना में इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच लगातार जारी है तथा शेष फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।











