इटारसी। पिछले चौबीस घंटे में नर्मदापुरम जिले की सिवनी मालवा छोड़कर हर तहसील में बादल बरसे हैं। वर्तमान में भी आसमान पर छाए बादल रह-रहकर रिमझिम बारिश कर ही रहे हैं। पहाड़ों पर हो रही हल्की बारिश से तवा बांध में भी थोड़ा-थोड़ा पानी आ रहा है।
बांध का जलस्तर आज सुबह 8 बजे 1160.60 फिट था। 15 अगस्त तक बांध में 1160 फिट पानी रखना है, इसके बाद 31 अगस्त का गवर्निंग लेबल 1163 फिट हो जाएगा। पिछले चौबीस घंटे में सबसे अधिक 61.8 मिमी वर्षा पिपरिया में दर्ज हुई है, तथा सबसे कम 8.8 मिमी वर्षा इटारसी में हुई।
बनखेड़ी में 45.8 मिमी, सोहागपुर में 30 मिमी, माखननगर में 15 मिमी, पचमढ़ी में 15.6 मिमी, नर्मदापुरम में 11.9 मिमी और डोलरिया में 10.4 मिमी वर्षा दर्ज हुई है। जिले में अब तक 928.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज हो चुकी है जो पिछले वर्ष के 891.8 मिमी से अधिक है।
यह है बांध का गवर्निंग लेबल
- 31 जुलाई 1158 फिट
- 15 अगस्त 1160 फिट
- 31 अगस्त 1163 फिट
- 15 सितंबर 1165 फिट
- 30 सितंबर 1166 फिट
इन तिथियों तक इस जलस्तर से अधिक पानी बांध में आता है और आगामी दिनों में तेज बारिश की संभावना बनी रहती है तो बांध के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा सकता है।










