इटारसी। वरिष्ठ नागरिक संघ, पुरानी इटारसी की नियमित मासिक बैठक में सदस्यों ने पुरानी इटारसी और जमानी रोड को रेलवे स्टेशन से जोडऩे वाले सभी मार्गों की दयनीय स्थिति पर गहरी निराशा व्यक्त की। लगभग सभी सदस्यों ने शिकायत की कि ये मार्ग अनुपयोगी हो गए हैं।
ज्ञात हो कि इन क्षेत्रों से रेलवे स्टेशन तक के मार्ग का अधिकांश हिस्सा रेलवे के अधिकार क्षेत्र में आता है। इस पर संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार दुबे ने सदस्यों को आश्वस्त किया कि वे इस जनहित के मुद्दे को क्षेत्र के दोनों सांसदों और उनकी रेलवे सलाहकार समिति के सदस्यों के संज्ञान में लाएंगे और इन मार्गों की मरम्मत कराने का प्रयास करेंगे।
शिक्षक दिवस और नए सदस्यों का स्वागत
बैठक में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित करने का भी निर्णय लिया। इसके साथ ही, अगस्त माह में जन्मदिन वाले सभी सदस्यों को बधाई दी गई। इस अवसर पर, ज्योतिष, योग और साहित्य के क्षेत्र में सम्मान प्राप्त करने वाले राम वल्लभ गुप्ता ‘इंदौरी’ और ऑल इंडिया रिटायर्ड रेलवे मेंस फेडरेशन, भोपाल मंडल के सचिव रमन सिंह का भी स्वागत किया गया, जो अपने कई साथियों के साथ संघ से जुड़े।
बैठक में सचिव जीडी पाटिल, कोषाध्यक्ष एसपी तिवारी, संरक्षक डॉ. अनिरुद्ध कुमार शुक्ला, आरसी वर्मा, एपी चौधरी, संतोष दीवान, टीआर चोलकर, एमएल पटेल, राजेंद्र दीवान, राजेंद्र दीक्षित, रमन सिंह ठाकुर, एसपी परिहार, राजेश गुप्ता, संजय द्विवेदी, आरएल मौर्या, टीकाराम धार्मिक, मुरली मनोहर दीक्षित और राजेंद्र चौधरी सहित दर्जनों पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।








