नर्मदापुरम। जनपद पंचायत नर्मदापुरम में बुधवार को जिला स्तरीय सफाई मित्रों की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला का उद्देश्य सफाई मित्रों को उनके कार्य के दौरान सुरक्षा उपायों और सावधानियों के प्रति जागरूक करना था।
प्रशिक्षण राज्य कार्यालय से आए राज्य सलाहकार साबिर इकबाल ने दिया। उन्होंने सफाई मित्रों को सुरक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी देकर कार्य के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों पर प्रकाश डाला। इकबाल ने स्वच्छता से संबंधित संविधान में दिए गए प्रावधानों के बारे में भी प्रतिभागियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद पंचायत नर्मदापुरम के अध्यक्ष भूपेन्द्र चौकसे, एसबीएम के राज्य सलाहकार साबिर इकबाल, जिला समन्वयक प्रीति बरकड़े और सीईओ जनपद पंचायत रंजीत ताराम ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों के स्वागत के उपरांत कार्यशाला की भूमिका के बारे में बताया। जनपद अध्यक्ष श्री चौकसे ने इस प्रकार के प्रशिक्षण को सेक्टर स्तर पर भी आयोजित करने की बात कही, ताकि पूरे विकासखंड के सभी सफाई मित्र अपनी सुरक्षा के बारे में जागरूक हो सकें।
दोपहर के बाद जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत ने सभी सफाई मित्रों को स्वच्छता किट वितरित की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता में ईश्वर का वास होता है, इसलिए जरूरी है कि ग्रामों में साफ सफाई सुनिश्चित हो और इसके लिए सफाई मित्र की विशेष भूमिका होती है।
कार्यशाला में ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर अक्षय रघुवंशी के नेतृत्व में डॉ. शाश्वत एवं डॉ. उमेश द्वारा सभी सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में जिला पंचायत से मनोज ठाकुर, जनपद पंचायतों से नितिन मालवीय, भवानी गाडरिया, नेहा शर्मा, रामकुमार गौर सहित ब्लॉक समन्वयकों के साथ नर्मदापुरम, सिवनी मालवा, केसला, माखनगर एवं सोहागपुर से लगभग 60 सफाई मित्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।








