- नर्मदापुरम और सिवनी मालवा विधानसभा में कल प्रभारी मंत्री का दौरा
इटारसी। मध्यप्रदेश के लोक निर्माण मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह का कल नर्मदापुरम विधानसभा के इटारसी और सिवनी मालवा विधानसभा के केसला में दौरा होगा। वे यहां लाखों रुपए के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। प्रभारी मंत्री कुछ जारी कार्यों का निरीक्षण भी करेंगे।
मंगलवार 14 जनवरी को शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी हॉस्पिटल में अतिरिक्त वार्ड भवन का लोकार्पण कार्यक्रम दोपहर 12.30 बजे आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी व लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद दरशन सिंह चौधरी, सांसद माया नारोलिया, विधायक व पूर्व विधान सभा अध्यक्ष डॉ सीतासरन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, पीयूष शर्मा, जनपद अध्यक्ष भूपेन्द्र चौकसे, भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे के आतिथ्य में किया जायेगा।
केसला में भी लोकार्पण
सिवनी मालवा विधानसभा अंतर्गत आदिवासी विकासखंड केसला में नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण 14 जनवरी को दोपहर 3 बजे नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह के कर कमलों से किया जाएगा। विधायक प्रेम शंकर वर्मा ने बताया कि केसला तहसील भवन के के साथ ही सड़क सहित अन्य निर्माण कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि पूजन प्रभारी मंत्री श्री सिंह द्वारा किया जाएगा।
आयोजन स्थल का निरीक्षण
डॉक्टर श्यामा मुखर्जी शासकीय अस्पताल में कल 14 जनवरी को प्रभारी मंत्री राकेश सिंह अतिरिक्त वार्ड महिला/पुरुष का लोकार्पण करेंगे। आयोजन को लेकर आज विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, एसडीएम टी प्रतीक राव, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, भाजपा नेता जयकिशोर चौधरी, नायब तहसीलदार शंकरलाल रघुवंशी, अस्पताल अधीक्षक आरके चौधरी ने निरीक्षण किया।










