इटारसी। मां नर्मदा महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र के अंतर्गत प्रथम वर्ष के नव-प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए बीएड एवं डीएलएड का उन्मुखीकरण कार्यक्रम बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसका कुशल मंच संचालन एस गौर एवं नेरित पटेल ने किया। महाविद्यालय के समस्त स्टाफ ने प्रेरणादायक स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
कॉलेज डायरेक्टर एवं विशेष अतिथि दीपक हरिनारायण अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में कामयाबी हर व्यक्ति का सपना होती है, जिसे पूरा करने के लिए कठिन परिश्रम और अनुशासन बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि यह कोर्स उनके भविष्य के लिए एक स्वर्णिम अवसर है, जिसका सदुपयोग कर उन्हें अपने लक्ष्य हासिल करने चाहिए।
मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. संतोष यादव ने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि अनुशासन और निरंतर मेहनत ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। समिति सचिव विजय अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया। बीएड विभागाध्यक्ष शैलेंद्र गौर ने नए विद्यार्थियों को कॉलेज के शैक्षणिक माहौल, संस्कृति और विभिन्न गतिविधियों से विस्तार से परिचित कराया।
डीएलएड विभागाध्यक्ष श्रीमती शाइनी जॉर्ज ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के सही तरीकों, कौशल विकास और भविष्य में शिक्षण क्षेत्र के करियर विकल्पों पर महत्वपूर्ण टिप्स दिए। सहायक अध्यापकों व प्राध्यापकों शहनाज नजमी, सोनल जैन, राखी झांझोट, भारत भूषण एवं अन्य ने अपने-अपने विषयों के पाठ्यक्रम का परिचय देते हुए छात्रों को कॉलेज के अनुशासन, नियमों और पठन-पाठन की व्यवस्थाओं के बारे में बारीकी से समझाया।











