इटारसी। ग्राम पंचायत मलोथर में शनिवार को आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा का ग्रामीणों ने तुलादान किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने 21 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। विधायक वर्मा ने यहां मंगल भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। नहर में पुल निर्माण के लिए दोनों विधायकों ने जल संसाधन मंत्री से बात करपुल निर्माण कराने का आश्वासन दिया।
वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि मलोथर की पिंक पंचायत जो जिले की एक मात्र पंचायत निर्विरोध पंचायत है, जिसमें सरपंच से लेकर सभी पंच महिलाएं हैं। मलोथर की जनता ने महिलाओं का सम्मान करते हुए पूरी पंचायत को महिलाओं के हवाले किया। विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि वे विधायक तो नर्मदापुरम के हैं, लेकिन अनाज सिवनी मालवा विधानसभा क्षेत्र का खाते हैं।
विधायक प्रतिनिधि दिनेश मेहतो ने बताया कि इस पंचायत में विकास कार्यों के लिए भरपूर राशि वर्मा द्वारा प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर नंदकिशोर पटेल, रामसेवक रावत, दीनबंधु पटेल, पुरुषोत्तम पटेल, सुनील नागले, विवेक साध, सुनील चौधरी, चंद्रकांत चौरे, मनीष पटेल, अजय साहू, सुभाष लोवंशी, संगीता धुर्वे, लक्ष्मी बाई साध, पूजा उइके, हरिप्रसाद तुमराम, राकेश वर्मा, डोरीलाल चीचाम उपस्थित रहे।












