इटारसी। वर्धमान विद्यालय में आज स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी के दोहरे उत्सव का आयोजन किया जिसमें एक तरफ नर्सरी से यूकेजी के बच्चों ने अपने अभिभावकों के साथ फैंसी ड्रेस काम्पिटिशन (देशभक्ति) में भाग लिया तथा दूसरी ओर कक्षा पहली से छटवी तक के विद्यार्थियों ने दही हांडी प्रतियोगिता में भाग लिया।
कार्यक्रमों की शुरुआत मुख्य अतिथि के रूप में वर्धमान पब्लिक स्कूल विद्यालय के संचालक प्रशांत जैन, डायरेक्टर रचना जैन, जूनियर डायरेक्टर प्रशस्ति जैन और एकेडमिक इंचार्ज रेजी विमला की उपस्थिति हुई। जजमेंट के लिए योगिता स्वर्णकार और जयप्रकाश सोनी उपस्थित थे, जिन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस प्रतियोगिता में बच्चों ने सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, छत्रपति शिवाजी, महाराणा प्रताप, लोकमान्य तिलक और झांसी की रानी जैसे महान व्यक्तियों के रूप में अपने अभिभावकों के साथ भूमिका बखूबी निभाई। बच्चों ने अपने-अपने किरदारों को जीवंत बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के परिधानों और सहायक वस्तुओं का उपयोग किया।
इन्होंने जीते पुरस्कार
इस प्रतियोगिता में कियाना दिगर्से और उनकी माता ने ‘सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन’ के लिए स्पिरिट ऑफ फ्रीडम पुरस्कार जीता। दिवित पाथे और उनकी माता ने ‘सर्वश्रेष्ठ जोड़ी’ के लिए डायनेमिक डुओ पुरस्कार, अनिका चंदेल और उनकी माता ने ‘सर्वश्रेष्ठ परिधान’ के लिए बेस्ट पैट्रियॉटिक स्टार पुरस्कार, ओजस महाडिक और उनकी माता ने ‘सर्वश्रेष्ठ थीम’ के लिए प्राइड ऑफ नेशन पुरस्कार जीता। इस फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों के अंदर से भी देशभक्ति की भावना और उनकी कार्य कुशलता मंच पर उभर कर आई।
मटकी फोड़ प्रतियोगिता

कक्षा पहली से लेकर छठवीं तक के छात्रों ने मटकी फोड़ कार्यक्रम में बाल गोपाल, माखन चोर, लड्डू गोपाल, राधा रानी और किशोरी ग्रुप ने मटकी को फोडऩे का भरसक प्रयास कर इस मटकी फोड़ कार्यक्रम का जबरदस्त आनंद लिया। बच्चे इतने उत्साहित हो गए कि जैसे स्वयं भगवान कृष्ण वहां पर माखन चुराने के लिए उपस्थित हुए हों। विद्यालय प्रांगण खुशी के माहौल से भर गया और सभी बच्चों ने आनंदित होकर कार्यक्रम का बहुत ही आनंद लिया। इस कार्यक्रम में सभी शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय के इस दोहरे उत्सव के आयोजन ने बच्चों और अभिभावकों के बीच एकता और सौहार्द की भावना को बढ़ावा दिया।










