इटारसी। विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना के विकास के उद्देश्य से शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, इटारसी में ‘भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
शांतिकुंज, हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित इस महाविद्यालय स्तरीय परीक्षा में 60 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।परीक्षा का संचालन गायत्री परिवार, नर्मदापुरम के जिला युवा प्रकोष्ठ प्रभारी बृजेश कुमार पटेल और श्रीमती अनीता पटेल के मार्गदर्शन में किया गया। इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, जीवन दर्शन, संस्कारों और देश की गौरवशाली परंपराओं से परिचित कराना था।
महाविद्यालय के प्राचार्य आरके चोलकर के कुशल मार्गदर्शन में परीक्षा की संपूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। आयोजन को सफल बनाने में विभागाध्यक्ष श्रीमती विद्यावती सूर्यवंशी के साथ कु. नेहा केदार, श्रीमती हेमलता शुक्ला, सुश्री शिवांगी मालवीय और आशीष चौरे का विशेष योगदान रहा।
इन सभी ने पंजीयन से लेकर परीक्षा के व्यवस्थित संचालन तक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। महाविद्यालय परिवार ने परीक्षा के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों में संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण व सकारात्मक पहल बताया है।










