- मुख्यमंत्री ने जापान में फ्रेन्ड्स ऑफ एमपी से किया संवाद
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारतवंशी अपनी परिवार परंपरा से जहां काम करते हैं वहां निष्ठा का भाव रखते हैं। यही कारण है कि वे हर जगह एडजेस्ट हो जाते हैं। एडजेस्ट भी ऐसे जैसे दूध में शक्कर मिल जाती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव चार दिवसीय जापान यात्रा के दूसरे दिन जापान में भारतवंशियों फ्रेन्ड्स ऑफ एमपी को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में पर्यटन, ऑटो मोबाइल, टायर मेन्यूफैक्चरिंग एवं रेडिमेड गारमेंट के क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं। इस अवसर पर जापान में भारत के राजदूत सीव्ही जार्ज, एसीएस मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन राघवेन्द्र कुमार सिंह भी उपस्थित थे।
एक होते हैं सगे, एक होते हैं संबंधी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम भारतवंशी ही सगे संबंधियों को समझ सकते हैं। विदेश प्रवास के दौरान भी आप लोगों को सामने देखकर ऐसा लगता है जैसे हम सगे-संबंधियों के बीच आ गए हैं। हमारे देश में कोई भी उत्सव या समारोह तब तक पूरा नहीं हो सकता जब तक उस समारोह में सगे-संबंधियों की उपस्थित न हो। मैं आपको मप्र में फरवरी में होने जा रहे औद्योगिक निवेश के भव्य समारोह जीआईएस के लिये आमंत्रित करने आया हूं। विदेश में अनजान चेहरों के बीच जब हमवतन दिखाई देते हैं तो भारतीयता की विशेष अनुभूति होती है।
प्राणियों में सद्भाव और विश्व का कल्याण हमारी संस्कृति
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम ‘धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भाव हो और विश्व का कल्याण हो’ की भावना को सर्वोपरि रखकर काम करते हैं और यही वजह है कि हिन्दुस्तानी आपको हर देश में हर काम को निष्ठा के साथ करता हुआ मिल जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने इकबाल के शेर का जिक्र भी किया कि ‘कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी… हम हर कठिनाई, हर चुनौती को मात देकर आगे बढ़ पाते हैं, यह हमारी विशेषता है।
हम आगे बढऩा चाहते हैं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी संस्कृति रही है कि कभी हमने आक्रमण नहीं किया, कभी किसी की भूमि पर कब्जा नहीं किया। हम आगे बढऩा चाहते हैं। हमें विश्व गुरू के मार्ग पर आगे चलना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयामों को छुआ है। मैं कह सकता हूं कि नेता तो पहले भी आते जाते रहे होंगे परंतु लोगों के मन में प्रधानमंत्री श्री मोदी के आगमन और विदेशी मंच पर उनके सम्मान को देखते हुए जिस विश्वास और दृढ़ता का भाव पैदा होता है, उस भाव से मन में गर्व की अनुभूति होती है।
मोदी के नेतृत्व में बढ़ा देश का आत्म-विश्वास
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जापान में बसे भारतवंशियों और फ्रेन्ड्स ऑफ एमपी को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की 5 वीं बड़ी आर्थिक शक्ति बन गया है। उन्होंने कोविड काल की चुनौतियों से पार पाने की सफलता का उदाहरण देते हुए प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व क्षमता की सराहना की और कहा कि उनके नेतृत्व से विश्व स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ा है और हमारी उपस्थिति सम्मानजनक बनी है, साथ ही भारतवंशियों का आत्म-विश्वास भी बढ़ गया है।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. राजेश राजौरा ने कहा कि विगत एक वर्ष में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने औद्योगिक विकास के नवाचार किए और नए आयाम स्थापित किए हैं। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए वे रीजनल इन्डस्ट्रीज की अवधारणा को धरातल पर लेकर आए। विदेशी निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यूके, जर्मनी और जापान की यात्रा कर निवेशकों को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए आमंत्रित किया। प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति और निवेश प्रोत्साहन राघवेन्द्र कुमार सिंह ने फ्रेन्ड्स ऑफ मध्यप्रदेश के बीच मध्यप्रदेश गान ‘सुख का दाता सबका साथी, शुभ का यह संदेश है- मां की गोद पिता का आश्रय मेरा मध्यप्रदेश है’ की पंक्तियों के साथ जापान में बसे भारतवासियों को अपने देश और प्रदेश की मिट्टी की याद दिलाई।











