भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। रेलवे बोर्ड ने इंदौर और नागपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में कोचों की संख्या में स्थायी वृद्धि को मंजूरी दे दी है।
भोपाल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 20911/20912 इंदौर-नागपुर-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस अब 24 नवंबर, 2025 से दोनों दिशाओं में विस्तारित रैक के साथ चलेगी। दोगुनी हुई यात्रियों की क्षमता वर्तमान में, यह हाई-स्पीड ट्रेन 8 कोचों के साथ संचालित हो रही है। इस स्थायी विस्तार के बाद, यह ट्रेन अब 16 कोचों के साथ संचालित की जाएगी।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि इस सुविधा विस्तार से यात्रियों को दोगुनी बैठने की क्षमता उपलब्ध होगी। यह निर्णय विशेष रूप से आगामी त्योहारी सीजन और भीड़भाड़ के समय यात्रियों की यात्रा को और अधिक सुगम और आरामदायक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।








