इटारसी। शासन व सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत जिलवानी ट्रेंचिंग ग्राउंड की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने पार्षदों के साथ विशेष निरीक्षण किया।
इस दौरान ग्राउंड को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के लिए परिसर में पौधरोपण भी किया गया। नपा अध्यक्ष पंकज चौरे ने बताया कि शहर की स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) नपा की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके तहत ट्रेंचिंग ग्राउंड की समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान लिए मुख्य निर्णय
- कचरे का ऑन-स्पॉट निपटारा: शहर, रेलवे, पंचायतों और मैरिज गार्डनों से यहां प्रतिदिन लगभग 50 टन कचरा आता है। सरकार यहां जल्द ही स्थायी ‘ट्रॉमल मशीन’ लगाने जा रही है, जिससे हर दिन आने वाले कचरे को उसी दिन प्रोसेस (निपटारा) कर दिया जाएगा और कचरे के बड़े ढेर नहीं लगेंगे।
- सड़कों का निर्माण: ट्रेंचिंग ग्राउंड के अंदर वाहनों के सुगम आवागमन के लिए चारों तरफ आंतरिक (इंटरनल) सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
- नाले का गहरीकरण और ऊंची फेंसिंग: इंडस्ट्रियल एरिया से आने वाले बरसाती नाले के कारण 14 एकड़ में फैली फेंसिंग बार-बार टूट जाती है। इसे ठीक करने के लिए नाले का पोकलेन मशीन से गहरीकरण कराया जाएगा और तार फेंसिंग को और ऊंचा किया जाएगा।
- प्रदूषण रोकने के लिए पौधरोपण: ट्रेंचिंग ग्राउंड की दुर्गंध और प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए परिसर के चारों तरफ सघन पौधरोपण किया जाएगा।
निरीक्षण में ये रहे शामिल
निरीक्षण व पौधरोपण के दौरान नपा अध्यक्ष पंकज चौरे के साथ स्वास्थ्य सभापति राकेश जाधव, पार्षद अमित विश्वास, जिम्मी कैथवास, कुंदन गौर, एल्डरमैन आशीष मालवीय, संजीव हूरा, नरेश मेघानी, पार्षद प्रतिनिधि देवेंद्र पटेल, नपा इंजीनियर सुरेंद्र रावत और सुपरवाइजर मोहन कंडाले उपस्थित थे।










