इटारसी। मां विजयासन देवी दरबार महर्षि नगर में कल चैत्र नवरात्रि के अवसर पर प्रतिप्रदा 9 अप्रैल 2024 से काशी के विद्वान आचार्य अनुपम दीक्षित के सानिध्य में सहस्त्र चंडी महायज्ञ का महा आयोजन होने जा रहा है। इटारसी शहर में इस तरह का आयोजन अभी तक नहीं हुआ है, शहर के नगर वासियों के लिए यह बहुत सौभाग्य का अवसर है।
सहस्त्र चंडी महायज्ञ के साथ ही मां विजयासन देवी मंदिर के गर्भगृह में श्री यंत्र की स्थापना भी होगी। कार्यक्रम के मुख्य यजमान पं. सुनील पाठक ने बताया कि आज 9 अप्रैल 24 को सूरजगंज चौराहा दुर्गा मंदिर से सुबह 9 बजे शोभायात्रा के बाद मंगलाचरण एवं अग्नि प्राकट्य के साथ ही सहस्त्र चंडी महायज्ञ का शुभारंभ होगा। प्रतिदिन सुबह 8 से शाम 6 बजे तक यज्ञ की क्रियाविधि 51 पंडित संपादित करेंगे।
महायज्ञ का समापन नवम दिवस 17 अप्रैल 2024 को संध्या 4 बजे पूर्णाहुति एवं भंडारे के साथ होगा। माता विजयासन देवी दरबार महर्षि नगर के संरक्षक पं. सुनील पाठक, पं. प्रमोद भार्गव और राजेश अग्रवाल सहित समिति सदस्यों ने धर्म प्रेमी सज्जनों से अनुरोध किया है कि सहस्त्र चंडी महायज्ञ को सफल बनाएं और धर्मलाभ लें।








