इटारसी। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार स्थानीय निकायों की फोटोयुक्त मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं।
इसी सिलसिले में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नीलेश शर्मा तथा सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्रीमती सुनीता सहानी ने नगर पालिका परिषद इटारसी के समस्त प्राधिकृत कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए कड़े निर्देश दिए कि निर्वाचन नामावली के पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने कर्मचारियों को मुस्तैदी से कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि क्षेत्र का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। इसके साथ ही किसी भी अपात्र, मृत या दोहरी प्रविष्टि वाले व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को निष्पक्षता से संपन्न कराने के उद्देश्य से, सभी प्राधिकृत कर्मचारियों को आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर दावों और आपत्तियों का विधिवत निराकरण कर एक पारदर्शी, शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।










