पचमढ़ी। अंतर्राष्ट्रीय बायोस्फीयर रिजर्व दिवस के पावन अवसर पर पचमढ़ी बायोस्फीयर रिजर्व क्षेत्र में प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए। इस दौरान स्थानीय पर्यटन स्थलों को स्वच्छ और पूरी तरह से पॉलीथिन-मुक्त बनाए रखने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।
प्रसिद्ध पर्यटन स्थल धूपगढ़ पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में लगभग 80 पर्यटकों और टूरिस्ट गाइडों ने हिस्सा लिया। उपस्थित लोगों को पचमढ़ी की विशिष्ट प्राकृतिक विरासत की जानकारी दी गई और पॉलीथिन का उपयोग न करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई गई।
नई पीढ़ी में पर्यावरण चेतना जगाने के उद्देश्य से सरस्वती शिशु मंदिर, मटकुली के 114 छात्र-छात्राओं के लिए प्रकृति पथशाला का विशेष आयोजन किया। वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की देखरेख में विद्यार्थियों को वनक्षेत्र में पैदल भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें स्थानीय वनस्पतियों, दुर्लभ वन्यजीवों और पारिस्थितिक तंत्र के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों ने प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहने और इसके संरक्षण का संकल्प लिया।











