इटारसी। वार्ड 18 स्थित केंद्र 85 में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस और गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य, उनके अधिकारों की रक्षा करने और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को जड़ से समाप्त करने के लिए उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई गई एवं समाज में जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी की गई। इस दौरान सुरक्षित मातृत्व और बेहतर स्वास्थ्य के लिए महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा संतुलित आहार लेने की समझाइश दी गई।
इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड पार्षद श्रीमती गीता पटेल, अटल बाल पालक श्रीमती राखी दुबे और पर्यवेक्षक श्रीमती दीप्ति शुक्ला उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आरती सत्संगी और सहायिका ललित सहित वार्ड की कई गर्भवती माताओं एवं अन्य महिलाओं की सक्रिय सहभागिता रही।











