- पुलिस के सामने दी जान से मारने की धमकी
इटारसी। पत्ती बाजार ईरानी डेरा इलाके में दिनदहाड़े एक युवक ने तलवार और चाकू लेकर जमकर दहशत फैलाई। आरोपी के हौसले इतने बुलंद हैं कि उसने पुलिसकर्मियों के सामने ही पीडि़तों को धमकाते हुए जान से मारने की खुली चेतावनी दे डाली। पीडि़त और आरोपी दोनों चचेरे भाई हैं, और महिला भी उनकी रिश्तेदार ही है।
आरोपी का नाम अली पिता का नाम सलीम अली है, जो कथित तौर पर नशे की हालत में दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच मोहल्ले में तलवार लेकर घूम रहा था। वह रास्ते में आने वाले हर व्यक्ति, महिलाओं और बच्चों को धमका रहा था। पीडि़त महिला सोहरा बी निवासी पत्ती बाजार के अनुसार, आरोपी उनकी बहन को गालियां दे रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उन पर तलवार व चाकू से हमला कर दिया।
हमले में घायल 30 वर्षीय सैफ अली निवासी ईरानी डेरा ने बताया कि वह सोकर उठा ही था कि आरोपी ने बिना किसी कारण के उस पर भी हमला कर दिया। आरोपी ने सैफ पर चाकू से वार किया, उसके चेहरे पर दो बड़ी ईंटें दे मारीं और उसे पटक-पटक कर पीटा, जिससे उसके हाथ, चेहरे और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस के सामने दबंगई
आरोपी अली को कानून व्यवस्था का कोई खौफ नहीं है। घायल महिला सोहरा बी ने आरोप लगाया है कि जब मामला पुलिस तक पहुंचा, तो आरोपी ने पुलिस वालों के सामने ही उन्हें धमकाते हुए कहा, ‘अब तू बच के बता’। घायल सैफ अली ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि आरोपी पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बना रहा है और लोगों के साथ अन्याय कर रहा है। उनका कहना है कि मोहल्ले का हर व्यक्ति उससे परेशान है। पीडि़तों ने मांग की है कि सरेआम हथियार लहराने और जानलेवा हमला करने वाले इस आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
हिंसक झड़प और मारपीट के मामले में पुलिस की भूमिका इस समय चर्चा का विषय बनी हुई है। घटना में चाकू, तलवार और ईंटों से हमला किए जाने के कारण गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को अस्पताल में उपचार दिया गया है, जहां उनके घाव और चोटें स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं।
सूत्रों के अनुसार, गंभीर वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अस्पताल भी पहुंचा था, लेकिन कुछ ही देर वहां रुकने के बाद वह वहां से भाग गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ईरानी डेरा क्षेत्र में करीब एक दर्जन पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे











