इटारसी। मध्य प्रदेश विधानसभा में डॉ. सीतासरन शर्मा द्वारा पूछे गए अतारांकित और तारांकित प्रश्नों के लिखित उत्तर में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास (इंटरैक्टिव पैनल) स्थापना और शिक्षा विभाग द्वारा जारी बड़ी निविदाओं की स्थिति स्पष्ट की है।
स्मार्ट क्लास : प्रदेश में 4,010 शालाओं में लगेंगे इंटरैक्टिव पैनल
प्रदेश स्तर पर स्वीकृति : सत्र 2023-24 में 2,050 तथा 2024-25 में 1,960 शालाओं (कुल 4,010 शालाएं) में प्रति स्कूल 2 इंटरैक्टिव पैनल की स्वीकृति भारत सरकार से प्राप्त हुई है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत 8,870 हाई/हायर सेकंडरी स्कूलों में स्मार्ट क्लास स्वीकृत की गई हैं।
नर्मदापुरम जिले में खरीदी : जिले के प्राथमिक, माध्यमिक, हाई एवं हायर सेकंडरी स्कूलों में जेम पोर्टल और खुली निविदाओं के माध्यम से LG, ViewSonic और Samsung ब्रांड के 65-इंच इंटरैक्टिव पैनल खरीदे गए हैं। ये खरीदी लगभग 1.04 लाख से 1.15 लाख रुपए प्रति पैनल की दर से वारंटी और बीमा के साथ की गई है।
निविदाएं और पारदर्शित : 50 लाख से अधिक की सामग्री खरीदी
कोरी उत्तर पुस्तिकाओं की खरीदी : लोक शिक्षण संचालनालय और माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 50 लाख रुपये से अधिक की उत्तर पुस्तिकाओं की निविदाएं एम.पी. ऑनलाइन पोर्टल के जरिए जारी की गईं, जिसमें न्यूनतम दरधारी फर्म ‘मेसर्स प्रिंटोग्राफी सिस्टम प्रा. लि., मुंबई की दरें स्वीकृत हुईं।
नियमों में बदलाव व शिकायत : शारीरिक शिक्षा शाखा की स्पोर्ट्स किट निविदा में टंकण त्रुटि के सुधार हेतु आयुक्त लोक शिक्षण की अनुमति से शासकीय के स्थान पर अशासकीय व अर्धशासकीय शब्द जोड़े गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि निविदा शर्तों में किसी विशिष्ट निविदाकार को लाभ पहुंचाने हेतु अनुचित बदलाव नहीं किए हैं। इस संबंध में प्राप्त 1 शिकायत की जानकारी पुस्तकालय में रखी गई है।











