- एक्सप्रेस न्यूट्रिएंट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक से की गई जालसाजी
- आरोपियों ने छलपूर्वक माल अपने आधिपत्य में रखा, भुगतान से मुकरे, केस दर्ज
इटारसी। स्थानीय जैकब कंपाउंड क्षेत्र में व्यापार के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। भोपाल के दो शातिर व्यापारियों (पिता-पुत्र) ने इटारसी की एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से करीब 42 लाख रुपये से अधिक का चावल खरीदा, लेकिन उसका भुगतान न करते हुए छलपूर्वक माल को अपने कब्जे में रख लिया। फरियादी की शिकायत पर इटारसी थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामला विवेचना में लिया है। इस मामले में टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि आरोपियों से संपर्क भी किया था, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी ना ही संपर्क किया। उनके खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया है।
साढ़े चार महीने तक चलता रहा धोखाधड़ी का खेल
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला पिछले साल का है। आरोपियों द्वारा फरियादी के साथ 12 जून 2025 के समय 00:00 बजे से लेकर 25 सितंबर 2025 के समय 00:00 बजे के दरमियान इस धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया गया। लंबे समय तक भुगतान न मिलने और आरोपियों द्वारा टालमटोल करने के बाद पीडि़त पक्ष ने पुलिस की शरण ली। जिसके बाद 28 मई 2026 को शाम 19:59 बजे पुलिस ने औपचारिक रूप से मामला दर्ज किया।
इन्होंने दर्ज कराया मामला
फरियादी शिवभूषण 61 वर्ष, पिता सुरेशचंद पांडे, निवासी इटारसी ने शिकायत दर्ज कराई है। श्री पांडे ‘एक्सप्रेस न्यूट्रिएंट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड इटारसी’ में प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी ओर से थाने के आरक्षक उपेन्द्र बेथाना ने मर्ग व कायमी की औपचारिकताएं पूरी कीं।
भोपाल के पिता-पुत्र बने आरोपी
फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने दो लोगों को नामजद आरोपी बनाया है इनमें अनूप गुप्ता, पिता रामस्वरूप गुप्ता और ईशान गुप्ता, पिता अनूप गुप्ता दोनों निवासी- ए-67, सागर पर्ल, जाटखेड़ी, भोपाल निवासी हैं।
42.11 लाख का चावल डकारा, केस दर्ज
दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी अनूप गुप्ता और ईशान गुप्ता ने फरियादी शिवभूषण पांडे की कंपनी से बड़ी मात्रा में चावल की खरीदी की थी। कुल माल की कीमत 42,11,452 रुपये (बयालीस लाख ग्यारह हजार चार सौ बावन रुपये) थी। आरोपियों ने यह माल तो छलपूर्वक अपने आधिपत्य (कब्जे) में ले लिया, लेकिन जब भुगतान की बारी आई तो वे साफ मुकर गए और राशि हड़प ली। इटारसी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ मामला कायम किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भोपाल स्थित आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर जल्द ही इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










