इटारसी। त्योहारों के मौसम को देखते हुए, भोपाल के रेल पुलिस अधीक्षक (एसपी) राहुल कुमार लोढ़ा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, इटारसी जीआरपी ने करीब 20 लाख रुपए मूल्य के चांदी के आभूषण जब्त किए हैं। जीआरपी की टीम ने कुल 15.320 किलोग्राम चांदी के आभूषण, जिसमें पायल, अंगूठियां और सिक्के शामिल हैं, बरामद किए हैं।
घटना का विवरण

15 सितंबर, 2025 की शाम करीब 6 बजे, इटारसी स्टेशन पर पुलिस टीम के आरक्षक संतोष पटेल और सतीश मौर्य नए फुट ओवर ब्रिज पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान, उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस को देखकर भागते हुए देखा। पुलिस टीम ने उसे पकडऩे की कोशिश की, लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर अपना बैग वहीं छोड़कर भागने में कामयाब रहा। पुलिस टीम ने जब बैग की तलाशी ली, तो उसमें से विभिन्न डिजाइन और साइज की कुल 492 जोड़ी पायलें, 50 सिक्के और 18 अंगूठियां मिलीं। इन आभूषणों का कुल वजन 15.320 किलोग्राम था। प्रथम दृष्टया, इन आभूषणों के चोरी के होने की आशंका है, जिसके बाद इन्हें धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर लिया है। मामले की जांच के लिए दो विशेष टीमें बनाई हैं जो भागे हुए संदिग्ध और आभूषणों के मालिक की तलाश कर रही हैं।
पुलिस टीम की सराहना
इस सफल कार्रवाई में जीआरपी इटारसी के थाना प्रभारी संजय चौकसे की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस टीम में उप-निरीक्षक श्रीलाल पडरिया, आरक्षक संतोष पटेल, अरविंद भदौरिया, सतीश मौर्य, अमित कुशवाहा, राजेंद्र दायमा, विजय पंद्राम, रामशंकर, मायाशंकर और अंकित मलिक शामिल थे। एसपी रेल राहुल कुमार लोढ़ा ने टीम को विशेष रूप से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।








