माता वैष्णो : 13 जुलाई को इटारसी से जाएगा भक्तों का जत्था

इटारसी। त्रिकूटा पर्वत पर विराजी माता वैष्णो के दर्शन करने इस बार भक्तों का जत्था 13 जुलाई को जम्मू के लिए अंडमान एक्सप्रेस से इटारसी स्टेशन से रवाना होगा। मां के दर्शन करने के इच्छुक 316 भक्त अब तक अपनी आरक्षित टिकट पक्की करा चुके हैं।
यात्रा संयोजक सतीश बतरा एवं जतिन बतरा ने बताया कि इस वर्ष यात्रा का यह 39 वॉ वर्ष है और इन चार दशकों में अब तक करीब तीस हजार भक्त इस यात्रा के माध्यम से माता के दर्शन करने जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब भी यात्रा में जाने के इच्छुक भक्तों का पंजीयन जारी है, जो लोग जाना चाहते हैं, वे अपना नाम, पता, उम्र संबंधी जानकारी प्रदान करें ताकि उनके टिकट आरक्षित कराए जा सकें।
इस वर्ष मां वैष्णोदेवी धाम के लिए इटारसी से 39 वें वर्ष में जत्था 13 जुलाई को रवाना होगा। सुबह 8 बजे अंडमान एक्सप्रेस से जत्था जाएगा। इस वर्ष लगभग 400 भक्तों के माता के दर्शन के लिए जाने की उम्मीद जतायी जा रही है। संयोजक जतिन बतरा ने बताया कि सुबह माता की आरती की पालकी लेकर भक्त स्टेशन पहुंचेंगे। यहां ट्रेन में माता की आरती के बाद जत्था रवाना होगा।

पांच से हुई थी शुरुआत
जत्थे के संस्थापक सतीश बतरा ने बताया कि पहला जत्था वे अपने केवल पांच मित्रों के साथ 1979 में लेकर गए थे। तब सोचा भी नहीं था कि माता की सेवा का सफर ऐसा होगा। पहले वर्ष ही माता की कृपा से अद्भुत उपलब्धि प्राप्ति हुई और यह सफर निरंतर हो गया। दूसरे वर्ष कुछ परिवार और जुड़े और माता के भक्तों की संख्या 35 हो गई। तीसरे वर्ष से भक्तों की संख्या एक सैंकड़ा पार हुई और इन 38 वर्षों में हर वर्ष चार से पांच सौ भक्त माता रानी के दर्शन करने जुलाई माह में जाते हैं।

ऐसे होगा सफर आसान
माता के भक्त, एक बोगी के एक कूपे में माता का दरबार सजाते हैं, रास्ते भर भजन कीर्तन चलता है, जिससे भक्ति के साथ सफर आसान होता जाता है। रास्ते में भक्तों को सुबह की आरती के बाद नाश्ता दिया जाता है और जब दोपहर में बीना से ट्रेन आगे बढ़ती है तो भोजन का वक्त हो जाता है। यहां भक्तों को समिति के सदस्य भोजन के रूप में प्रसादी वितरित करते हैं। शाम को मथुरा में नाश्ता या मौसम अनुरूप जलपान चलता है। रात को दिल्ली में भोजन के बाद सारी रात भक्त आराम करते हैं और फिर सुबह पंजाब में सुबह होने के बाद माता के दर्शन की उत्सुकता बढ़ती जाती है। ट्रेन जब जम्मू स्टेशन पहुंचती है तो फिर भक्त पूरे उत्साह में लबरेज हो जाते हैं।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!